
कौशांबी। थाना क्षेत्र के आमा कुआं गांव की रहने वाली मंजू देवी, पत्नी स्वर्गीय केशव प्रसाद, ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर अपने जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति स्वर्गीय केशव प्रसाद, जो पंचायत अधिकारी के पद पर तैनात थे, की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी प्रेमा देवी से जन्मे पुत्र रवि शंकर उर्फ चुलबुल (निवासी रामपुर उर्फ बलरामपुर, बरेठी, जनपद प्रयागराज) उन्हें लगातार प्रताड़ित करता आ रहा है। मंजू देवी ने बताया कि शादी के बाद वह अपने पति के साथ रहती थीं, जबकि पहली पत्नी से जन्मा बेटा रवि शंकर अपने गांव में रहता था।
*पति को जहर देने और घर से निकालने का आरोप*
मंजू देवी का आरोप है कि रवि शंकर उर्फ चुलबुल ने कई बार उनके पति के साथ मारपीट की और खाने में जहर मिलाकर उनकी हत्या करने की कोशिश की। जब वे अपने पति के साथ बलरामपुर गए, तो रवि शंकर ने दोनों को घर से निकाल दिया, जिससे उन्हें बेघर होना पड़ा। इसके बाद उनके पति ने आमा कुआं में जमीन खरीदकर घर बनाया और उनके नाम पर संपत्ति कर दी, जिससे उनका गुजारा चलता था।
*पति की मृत्यु के बाद बढ़ी परेशानियां*
मंजू देवी ने बताया कि 14 जनवरी 2024 को उनके पति का निधन हो गया, जिसके बाद उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं था। उम्र अधिक होने के कारण वह चलने-फिरने में असमर्थ हैं। ऐसे में कमलेश तिवारी (निवासी बेरौचा, थाना व जनपद कौशांबी) उनकी देखभाल कर रहे हैं। मंजू देवी का कहना है कि वह अपनी इच्छा से कमलेश तिवारी के घर पर रह रही हैं और अपनी संपत्ति का उपयोग इलाज व दवा के लिए कर रही हैं।
हत्या की साजिश का आरोप, कोर्ट की शरण में पहुंची पीड़िता
मंजू देवी ने आरोप लगाया कि रवि शंकर उर्फ चुलबुल और देवानंद (पुत्र रामबाबू, निवासी ग्राम दाई का पुरवा, मजरा बेरौचा) उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। वह कई बार जान से मारने की नीयत से घर आ चुके हैं। मंजू देवी ने साफ किया कि वह अपनी संपत्ति का स्वयं इस्तेमाल कर रही हैं और जबरन कोई उन्हें कैद करके नहीं रख रहा है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि रवि शंकर और देवानंद के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। वहीं, उन्होंने इस मामले में सीजेएम कोर्ट की शरण ली है, जहां यह मामला विचाराधीन है।
Author: Kaushambi Sandesh
Contact number 7394947972
