कौशांबी में पेयजल परियोजना के लिए जमीन हुई चिह्नित

अमृत योजना के तहत 12 नलकूपों, 6ओवरहेड टैंकों का होना है निर्माण

कौशाम्बी संदेश राहुल यादव

कौशाम्बी
जिले के मंझनपुर नगर वासियों को जल्द पीने का स्वच्छ पानी उनके घर में मिलेगा।

नपा मंझनपुर में अमृत योजना के तहत पेयजल परियोजना का काम होना है। जल निगम फतेहपुर ने पालिका से नलकूप व ओवरहेड टैंक के लिए भूमि मांगी थी। भूमि चिह्नित करके निगम को उपलब्ध करा दी गई है। अब इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार किया जा रहा है। यह रिपोर्ट माह भर में शासन को भेज दी जाएगी।
नगर पालिका परिषद के 25 वार्डों में लगभग एक लाख की आबादी निवास करती है। शासन ने इन नगर वासियों को पेयजल की समस्या से निजात दिलाने की तैयारी की है। अमृत योजना के तहत यहां सभी वार्डों में पाइप लाइन से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। वर्ष 2023 में स्वीकृत इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी जल निगम फतेहपुर को दी गई है। जल निगम ने अप्रैल में नगर पालिका से ओवरहेड टैंक व नलकूपों की स्थापना के लिए भूमि मांगी थी। भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया पिछले सप्ताह पूरी हो चुकी है।

*80 करोड़ का बजट स्वीकृत*

बृहस्पतिवार को भूमि जल निगम को उपलब्ध भी करा दी गई है। अब जल निगम इस पूरे प्रोजेक्ट का डीपीआर बना रहा है। हालांकि, शुरुआत में ही शासन ने करीब 80 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट स्वीकृत कर दिया है। लेकिन, परियोजना की सही लागत डीपीआर बनने के बाद ही पता चलेगी। इस रिपोर्ट को बनने में करीब एक महीने लगेंगे। इसके बाद उसे शासन को भेजा जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद बजट जारी होगा।

नगर पालिका ने उपलब्ध कराई जमीन

अवर अभियता मेराज अहमद के मुताबिक, अमृत योजना के तहत पेयजल के प्रोजेक्ट के लिए नगर पालिका परिषद ने भूमि उपलब्ध करा दी है। अब इसका डीपीआर बनाया जा रहा है। अगले महीने इसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृत और बजट मिलने के बाद काम कराया जाएगा।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें