
कौशाम्बी जनपद के थाना कोखराज अंतर्गत ननमई गांव में सार्वजनिक रास्ते पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। गांव के लोगों का आरोप है कि एक व्यक्ति द्वारा जबरन निर्माण कर उस सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा किया जा रहा है, जिससे लगभग 15 घरों का आवागमन बाधित हो गया है।
पीड़ित ग्रामीणों के अनुसार यह रास्ता वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में रहा है और इसी के सहारे दर्जनों परिवारों का आना-जाना होता है। रास्ता अवरुद्ध होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में वे तहसील से लेकर थाना कोखराज तक कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
सूत्रों की मानें तो इस पूरे मामले में भूमाफियाओं को कथित रूप से संरक्षण मिल रहा है। आरोप है कि स्थानीय चौकी प्रभारी और संबंधित लेखपाल की मिलीभगत के चलते अवैध निर्माण पर रोक नहीं लगाई जा रही है, जिससे दबंगों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सार्वजनिक रास्ते से अवैध कब्जा तत्काल हटवाया जाए, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके। वहीं, प्रशासनिक चुप्पी से नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।