
कौशाम्बी। जिले में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस अभियान के तहत, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी सत्यापित कर रहे हैं। मंझनपुर विधानसभा की अषाढ़ा ग्राम पंचायत में शुक्रवार को बीएलओ द्वारा मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए। इसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और समावेशी बनाना है, ताकि सभी पात्र नागरिकों के नाम इसमें शामिल हो सकें।
बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) कुलदीप बहुगुणा और शुक्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह विशेष अभियान एक महीने तक चलेगा। उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र की दो प्रतियां देंगे। साथ ही उसको भरने में मतदाता की मदद भी करेंगे। एक प्रति अपने पास रखेंगे और दूसरी मतदाता को देंगे. मतदाता की अनुपस्थिति में परिवार का कोई सदस्य है, तो वह रिश्ते का उल्लेख करते हुए फॉर्म पर हस्ताक्षर कर सकता है. यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे।
अधिकारियों ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 4 दिसंबर तक प्रत्येक मतदाता के घर तीन बार जाया जाएगा। इस दौरान वे गणना प्रपत्र भरवाकर जमा करेंगे। प्रपत्र में मतदाता का नाम, एपिक संख्या, भाग संख्या, क्रम, विधानसभा का नाम और राज्य जैसी प्रविष्टियां भरी जाएंगी। इसमें मतदाता की फोटो भी होगी। अन्य खानों में जन्मतिथि, पिता का नाम, उनका एपिक, माता का नाम, उनका एपिक, पति-पत्नी का नाम और उनकी एपिक संख्या भरनी होगी। मतदाताओं को अपनी जन्मतिथि, आधार नंबर (वैकल्पिक), मोबाइल नंबर, पिता या अभिभावक का नाम और एपिक नंबर (यदि उपलब्ध हो), माता का नाम और एपिक नंबर, तथा पत्नी और बच्चों के नाम और एपिक नंबर जैसे विवरण भी देने होंगे। गणना प्रपत्र में वर्ष 2003 में हुए एसआईआर की निर्वाचक नियमावली से संबंधित विवरण भी मतदाताओं को भरना होगा।
