
कोखराज कौशांबी थाना कोखराज क्षेत्र के चाकवन चौराहा से संदीपन घाट गंगा नदी तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर इन दिनों गंदे पानी का जलभराव श्रद्धालुओं और आमजन के लिए भारी परेशानी का सबब बन गया है। नवरात्रि के मौके पर जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और गंगा स्नान के लिए संदीपन घाट की ओर जाते हैं, वहीं रास्ते में नाली का गंदा पानी भर जाने से लोगों को बदबू और कीचड़ में होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब सफाई कर्मचारी नाली की सफाई कर रहे थे तो एक दबंग ने रोक-टोक कर काम बंद करवा दिया। बताया जाता है कि दबंग स्वयं को एक पूर्व मुख्यमंत्री का करीबी बताता है। उसके दबाव में सफाईकर्मी काम छोड़कर लौट गए।
ग्राम प्रधान व सचिव ने इस समस्या को दूर करने के लिए मौके पर पहुंचकर सफाई कराने की कोशिश की, लेकिन दबंगई के चलते सफाई अधूरी रह गई। नतीजा यह हुआ कि रास्ते पर गंदा पानी भरा रहा और लोगों की मुश्किलें बढ़ती गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार जलभराव के चलते बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। वहीं, इस मार्ग पर स्थित गुरुकुल आश्रम श्री संदीपन मुनि जी का प्रसिद्ध संदीपन गंगा घाट भी है, जहां दूर-दराज़ से श्रद्धालु आते हैं। गंदगी के चलते न केवल श्रद्धालुओं की आस्था आहत हो रही है बल्कि त्योहार का उत्साह भी फीका पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए रास्ते को अविलंब गंदगी और जलभराव से मुक्त कराया जाए तथा दबंगई करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
Author: Kaushambi Sandesh
Contact number 7394947972
