
कोखराज, कौशाम्बी।
थाना कोखराज क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक सरकारी कर्मचारी शराब ठेके पर शराब पीते ही अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी — डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कोखराज निवासी मोहनलाल सरोज (59 वर्ष), पुत्र स्व. रणधीर सरोज के रूप में हुई है। वे प्रयागराज किला स्थित एक सरकारी कार्यालय में मोटर मैकेनिक के पद पर कार्यरत थे। प्रतिदिन ड्यूटी के बाद शराब पीना उनकी नियमित आदत थी।
घटना सोमवार की है, जब मोहनलाल अपने घर से कोखराज शराब ठेका पर पहुंचे और शराब पीने के तुरंत बाद चक्कर खाकर बैठ गए। चंद ही मिनटों में वे गिर पड़े और बेहोश हो गए। पहले तो लोगों ने अधिक नशे का असर समझा, लेकिन काफी देर तक कोई हरकत न होने पर उन्होंने 108 एम्बुलेंस को बुलाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां रो-रोकर उनका बुरा हाल है। पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
अब यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या शराब में कोई मिलावट थी या यह अचानक हुई स्वास्थ्यगत समस्या थी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Author: Kaushambi Sandesh
Contact number 7394947972
