
कौशाम्बी संदेश*
कोखराज, कौशाम्बी — कोखराज थाना क्षेत्र अंतर्गत 21 मई को लापता हुई एक किशोरी को पुलिस और परिजनों की कड़ी मेहनत के बाद महाराष्ट्र के पुणे से सकुशल बरामद कर लिया गया है। इस मामले में एक महिला की संलिप्तता पाई गई, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है।
हालांकि, मामला यहीं शांत नहीं हुआ है। अब लड़की के भाई को धमकियां मिल रही हैं। परिजनों के अनुसार, कुछ प्रभावशाली माफिया तत्व भाई पर “सुलह” करने का दबाव बना रहे हैं। धमकी भरे शब्दों में कहा जा रहा है — “सुलह कर लो, नहीं तो पछताओगे।” यही नहीं, धमकी देने वाले व्यक्ति खुद को समाजवादी पार्टी का नेता बता रहा है और कथित तौर पर ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहा है।
परिवार के पास इन धमकियों की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है, जो पूरे मामले को और गंभीर बनाता है। पीड़ित परिवार अब अपनी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है और प्रशासन से गुहार लगा रहा है कि उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मामले को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से मांग की है कि न सिर्फ पीड़िता के परिवार को सुरक्षा दी जाए, बल्कि माफिया मानसिकता रखने वाले व्यक्तियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए — चाहे उनका कोई भी राजनीतिक संबंध क्यों न हो।
Author: Kaushambi Sandesh
Contact number 7394947972
