
डायट में प्रदर्शन के बाद एएसपी को सौंपा ज्ञापन
कौशाम्बी
उत्पीड़न से खफा जिले भर के पत्रकार शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। पत्रकारों ने डायट मैदान से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक प्रदर्शन किया। पश्चिशरीरा के आरोपी चिकित्सक के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद एएसपी को ज्ञापन देकर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रेस क्लब और इलेक्ट्रानिक मीडिया क्लब के बैनर तले शुक्रवार की सुबह जिले भर के सैकड़ों पत्रकारों ने डायट मैदान मंझनपुर में बैठक की। इसके बाद प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए एसपी कार्यालय पहुंचे। यहां अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। बताया कि पश्चिमशरीरा के राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में तैनात प्रभारी चिकित्सक ने हिंदी दैनिक अखबारों से बदसलूकी की है। आरोपी डॉक्टर का ऑडियों भी इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ है। इसमें वह सभी पत्रकारों के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते हुए सुनाई पड़ रहा है। पत्रकारों ने एएसपी को ऑडियो भी दिया। एएसपी ने जिलाधिकारी से अनुमोदन लेकर मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे प्रेस क्लब के जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम ने कहा कि डॉक्टर पर कार्रवाई नहीं हुई तो बेमियादी आंदोलन किया जाएगा।
