दारानगर की ऐतिहासिक दो दिवसीय कुप्पी युद्ध सकुशल संपन्न

कौशाम्बी संदेश आर्या शुक्ला

सिराथू। नगर पंचायत दारानगर कड़ा धाम के दारानगर कस्बे के 245 वीं ऐतिहासिक दो दिवसीय कुप्पी युद्ध रविवार को सकुशल समापन हो गया। शनिवार को विजयदशमी के दिन कुप्पी युद्ध का शुभारम्भ हुआ

। पहले दिन राम व रावण दल के बीच चार युद्ध हुए। वही एकादशी के दिन तीन युद्ध दोनो दलों के बीच लड़े गए। अंतिम युद्ध में श्रीराम की विजय के साथ भारी भीड़ के मध्य मेले का समापन हुआ। दारानगर रामलीला के ऐतिहासिक कुप्पी युद्ध के लिए म्योहरा गांव में युद्ध का मैदान सजाकर उसकी बैरिकेटिंग करायी गयी थी। दोनों दिन राम दल व रावण दल की सेनाओं के बीच रोमांचकारी कुप्पी युद्ध हुआ। काले रंग के कपड़े में रावण दल व लाल रंग के कपड़े में राम दल के बीस-बीस सेनानी प्लास्टिक की कुप्पी लेकर मैदान में उतरे। पहले दिन चार चरणों में युद्ध हुआ। परंपरा के अनुसार पहले दिन की चारों लड़ाई में रावण की सेना श्रीराम की सेना पर भारी पड़ी। जबकि दूसरे दिन तीन युद्ध हुआ। इसमें तीनो युद्ध जीत कर राम की सेना विजई हुई। रावण का वध होते ही पूरा युद्ध मैदान राजा रामचन्द्र की जय के उदघोष से गूंज उठा। रविवार को दूसरे दिन युद्ध इतना रोमांचक रहा कि देखने वालो के रोंगटे खड़े हो गए। कुप्पी युद्ध में सेनानी घायल भी हो जाते है, लेकिन रणभूमि की मिट्टी ही इनके लिए दवा का काम करती है। सेनानी बताते है कि इस युद्ध मे शामिल होना उनके लिए गौरव की बात है। एक कुप्पी युद्ध के संपन्न होने पर मेघनाथ वध और कुंभकर्ण वध सहित अन्य लीलाएं होती है। दारानगर की रामलीला का इतिहास 245 वर्ष पुराना है। इस दौरान एसडीएम अजेंद्र सिंह , क्षेत्राधिकारी सिराथू अवधेश कुमार विश्वकर्मा , अधिशासी अधिकारी वैभव चौधरी, थानाध्यक्ष कड़ाधाम धीरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक योगेश यादव उपनिरीक्षक रणजीत सिंह उपनिरीक्षक शुभम सिंह कमेटी के अध्यक्ष जय मणि तिवारी, मूल प्रकाश तिवारी, आद्या प्रसाद पांडेय, नील कमल मिश्रा सहित कमेटी के लोग मौजूद रहे ।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें