हाईटेंसन तार में टच हुआ सरिया, दो की मौत , दो गंभीर रूप से झुलसे

कौशांबी संदेश पारस अग्रहरि

सराय अकील के घोसिया गाँव में हाईटेंशन तार में सरिया टच होने से 2 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। मृतक मजदूर बरेली जनपद के बताई जा रहे हैं। पुलिस ने परिजनों को सूचना भेजी है। प्रोजेक्ट मैनेजर एमसी उपाध्याय ने मामले में कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया है। सराय अकिल के घोसिया गांव में हर घर जल-नल योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण कार्यदाई संस्था द्वारा कराया जा रहा है। पानी की टंकी को निर्मित करने के लिए बाबा कंस्ट्रक्शन को ठेका दिया गया था। ठेकेदार ने चिह्नित स्थल पर टंकी का निर्माण तो शुरू कर दिया, लेकिन उसके पास से गुजरने वाली हाईटेंशन तार को शिफ्ट नहीं कराया था। रविवार को टंकी निर्माण के दौरान सरिया को ऊपर ले जाया जा रहा था। जिसमें आधा दर्जन मजदूर काम कर रहे थे। पंकज (26) पुत्र शंकर लाल, गिरधारी (29) पुत्र लेखराज निवासी बरेली की मौत हो गई। जबकि ओमवीर पुत्र धर्म पाल निवासी बरेली और एक अन्य अज्ञात हाईटेंशन तार की चपेट में आने से झुलस गए। ये मजदूर टंकी के ऊपरी हिस्से में नीचे से सरिया लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सरिया हाईटेंशन तार में टच हो गया। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से करंट की चपेट में आए मजदूरों को बिजली के तारों से अलग किया। पुलिस को सूचना देकर मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से नाजुक हालत में पंकज, गिरधारी और ओमवीर को एंबुलेंस के जरिए मंझनपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान पंकज और गिरधारी की मौत हो गई। ओमवीर का इलाज चल रहा है। जबकि एक अन्य का इलाज कस्बे के निजी अस्पताल में चल रहा है। जल शक्ति के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष चंद्र उपाध्याय ने बताया की घटना के संबंध में उन्हें जानकारी मिली है। वह घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं। हादसा किस प्रकार हुआ इसके बारे में वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। थाना प्रभारी विनीत सिंह ने बताया, घोसिया गांव में हाई टेंशन तार की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत का मामला संज्ञान में आया है। लाशों को कब्जे में लिया गया है। उनके परिवार को सूचना प्रेषित की गई है। परिवार से मिलने वाली तहरीर के आधार पर संबंधित जिम्मेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। हादसे के दो अन्य घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें