
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरहा बाबा की पावन भूमि देवरिया में बरहज एवं रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए ₹456 करोड़ से अधिक लागत की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।
बरहज में आयोजित कार्यक्रम में CM योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार विकास और जनसेवा को समान प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। देवरिया में आज जिन परियोजनाओं की सौगात मिली है, उनमें सड़क, पुल, बाढ़ सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल भवन व पर्यटन विकास के कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी एवं संवेदनशील शासन व्यवस्था के माध्यम से सरकार की लोककल्याणकारी योजनाएं बिना भेदभाव समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। आवास, शौचालय, उज्ज्वला, आयुष्मान, किसान सम्मान निधि से करोड़ों लोग लाभान्वित हुए हैं। इससे समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का संकल्प निरंतर साकार हो रहा है।CM ने लाभार्थियों से संवाद कर फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि देवरहा बाबा की कृपा से देवरिया विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मेडिकल कॉलेज, चीनी मिल पुनर्संचालन, एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी से जिले की तस्वीर बदली है। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
