
कौशांबी संदेश संवाददाता
कौशाम्बी। NH-2 हाइवे पर कोखराज थाना क्षेत्र के हड़िया बाईपास टोल प्लाजा पर गैस टैंकर में अचानक भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में एक कार, कई बाइकें और टोल का केबिन-बूथ समेत लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह के समय LPG गैस से भरा टैंकर हड़िया टोल से गुजर रहा था। अचानक टैंकर के पिछले हिस्से से तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी। देखते ही देखते टैंकर आग का गोला बन गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि टोल प्लाजा के बूथ, केबिन और पास खड़ी कार-बाइकें भी चपेट में आ गईं।
हादसे में टोल कर्मी और वाहन सवार समेत 5 लोग झुलस गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।SP कौशांबी सत्यनारायण ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। टैंकर चालक मौके से फरार है। टोल का काफी सामान और 1 कार, 6 बाइकें जल गई हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फोरेंसिक टीम जांच करेगी। हादसे के बाद हाइवे पर 3 किमी लंबा जाम लग गया। पुलिस ने डायवर्जन कर यातायात बहाल कराया। DM ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
