
कौशाम्बी संदेश संवाददाता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद अलीगढ़ पहुंचकर राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। CM ने निर्माणाधीन भवनों, शैक्षणिक ब्लॉक, छात्रावास और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान CM योगी ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए। कहा कि यह विश्वविद्यालय पश्चिमी यूपी के युवाओं को उच्च शिक्षा और रोजगार से जोड़ेगा। राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर बना यह विश्वविद्यालय उनकी राष्ट्रभक्ति और शिक्षा के संकल्प को आगे बढ़ाएगा।परिसर में पहुंचकर CM ने निर्माण कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। लैब, लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम और स्मार्ट क्लासरूम की प्रगति देखी। अधिकारियों से निर्माण की डेडलाइन और बजट खर्च की जानकारी ली।
CM बोले: “राजा महेंद्र प्रताप सिंह का सपना था – शिक्षा से राष्ट्र मजबूत हो। इस विश्वविद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श संस्थान बनाना है। काम में देरी या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं होगी”।
*पश्चिमी यूपी को मिलेगी नई शिक्षा हब*
राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय अलीगढ़ मंडल का पहला राज्य विश्वविद्यालय है। यहां बीटेक, बीफार्मा, लॉ, मैनेजमेंट और कृषि से जुड़े कोर्स शुरू किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय बनने से अलीगढ़, हाथरस, कासगंज और एटा के हजारों छात्र-छात्राओं को घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिलेगी। CM ने कहा कि यहां रिसर्च सेंटर और इनक्यूबेशन सेंटर भी बनेंगे ताकि छात्र स्टार्टअप शुरू कर सकें।
निरीक्षण के समय स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।