
कौशांबी संदेश संवाददाता
कौशांबी जिले में अंग्रेजी शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग का गंभीर मामला सामने आया है, जिसने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि जिले भर में शराब की दुकानों पर निर्धारित कीमतों से अधिक वसूली धड़ल्ले से की जा रही है, जबकि जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठा है।
सूत्रों और उपभोक्ताओं के अनुसार आईबी (IB) ब्रांड की हाफ बोतल पर जहां निर्धारित मूल्य ₹320 है, वहीं ग्राहकों से ₹330 वसूले जा रहे हैं। यह केवल एक उदाहरण नहीं है, बल्कि पूरे जिले में यही पैटर्न देखने को मिल रहा है।
बताया जा रहा है कि 1 अप्रैल से ही यह ‘ओवररेटिंग सिस्टम’ सक्रिय है। अंग्रेजी शराब के हर ब्रांड में अलग-अलग स्तर पर मनमानी वसूली की जा रही है—क्वार्टर पर ₹10 तक अतिरिक्त, हाफ पर ₹10 से ₹15 तक और कुछ स्थानों पर ₹20 तक ज्यादा वसूली की जा रही है।दुकानदार से जब ग्राहक ओवर रेटिंग़ के विषय में पूछता है तो दुकानदार मार पीट पर आमादा हो जाते है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पूरा खेल खुलेआम चल रहा है, लेकिन आबकारी विभाग की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है, जबकि जिम्मेदार विभाग अब तक किसी ठोस कार्रवाई से बचता नजर आ रहा है।
अब देखना होगा कि इस गंभीर मामले में प्रशासन कब जागता है और ओवररेटिंग करने वाले दुकानदारों पर क्या कार्रवाई होती है या यह मामला भी सिर्फ शिकायतों तक ही सीमित रह जाता है।

