
कौशांबी संदेश संवाददाता
कौशांबी। जनपद में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। सैनी थाना क्षेत्र के उसरैनापुर गांव में एक महिला की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि वारदात को बेहद क्रूर तरीके से अंजाम दिया गया। महिला पर धारदार हथियार से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं।
सूचना मिलते ही सैनी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में रंजिश, पारिवारिक विवाद समेत कई पहलुओं पर जांच की जा रही है।लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में गुस्सा और भय दोनों देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।फिलहाल पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

