
कौशांबी संदेश संवाददाता
कौशांबी। जनपद में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोखराज थाना क्षेत्र के डीडीआर पब्लिक स्कूल, महेशपुर के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चन्द्र भूषण मौर्य मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।खबर लिखे जाने तक गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।लगातार बढ़ते सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण न होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और प्रशासन इस पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रहा है।

