
कौशांबी संदेश नेटवर्क
कौशाम्बी। सिराथू विकास खंड के देवखरपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की बदहाल स्थिति ने शासन की योजनाओं की हकीकत उजागर कर दी है। वर्षों से आंगनबाड़ी केंद्र में ताला लटका हुआ है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल कागजों में संचालित हो रहा है। न तो नन्हे मासूम बच्चों को पोषाहार मिल रहा है और न ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को सरकार द्वारा मिलने वाली सुविधाएं दी जा रही हैं। केंद्र परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद सिराथू की सीडीपीओ आंखें मूंदे बैठी हैं, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों में यह चर्चा जोरों पर है कि आखिर आंगनबाड़ी सुपरवाइजर सुजाता चौहान पर अधिकारियों की इतनी मेहरबानी क्यों बरती जा रही है।ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी नौनिहाल बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषाहार को डकार रहे हैं और शासन की योजनाओं का खुला मजाक उड़ाया जा रहा है।ग्रामीणों ने मांग की है कि देवखरपुर आंगनबाड़ी केंद्र की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और केंद्र को नियमित रूप से संचालित कराया जाए।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर कब संज्ञान लेता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

