
कौशांबी संदेश अनुराधा यादव
कौशाम्बी श्री जनेश्वर प्रसाद पाण्डेय द्वारा थाना पश्चिम शरीरा का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष, शस्त्रागार, अभिलेखों एवं परिसर की साफ-सफाई का गहन अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के क्रम में महोदय द्वारा थाना क्षेत्र में पंजीकृत अपराधों, लंबित विवेचनाओं, टॉप-10 अपराधियों, वांछित/वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, निरोधात्मक कार्यवाही, महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित मामलों, साइबर अपराधों तथा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। विवेचनाओं के शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी कौशाम्बी द्वारा अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाने के सुव्यवस्थित संचालन, शस्त्रों की स्थिति, हवालात की सुरक्षा व्यवस्था एवं महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देते हुए सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, आमजन के साथ शालीन व्यवहार, समयबद्ध शिकायत निस्तारण तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के संबंध में निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित समस्त पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया।
