कड़ा ब्लाक के सौरई बुजुर्ग में गंदगी का अंबार, संक्रमण फैलने का खतरा

मानसरोवर व आदर्श तालाब निर्माण में करोड़ों के घोटाले का आरोप


कौशाम्बी संदेश

कौशाम्बी। कड़ा ब्लाक के ग्राम पंचायत सौरई बुजुर्ग में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सफाई कार्य नहीं कराया जा रहा, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत स्तर पर तैनात सफाई कर्मियों की नियमित उपस्थिति नहीं होती, जबकि जिम्मेदार अधिकारी भी निरीक्षण के नाम पर खानापूर्ति कर रहे हैं। इससे लोगों में रोष व्याप्त है।
वहीं सौरई बुजुर्ग के अंतर्गत बने मानसरोवर तालाब और आदर्श तालाब के निर्माण में करोड़ों रुपये के घोटाले का भी गंभीर आरोप सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाबों के सौंदर्यीकरण व जीर्णोद्धार के नाम पर भारी-भरकम धनराशि निकाली गई, लेकिन जमीनी हकीकत में कार्य अधूरा और घटिया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से जमकर बंदरबाट की गई।
ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गांव में तत्काल सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था बहाल करने की अपील की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इन गंभीर आरोपों पर क्या कदम उठाता है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें