
कौशाम्बी : पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज जोन और मंडलायुक्त प्रयागराज ने आज सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील मंझनपुर में जनसुनवाई की। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जमीन विवाद, पुलिस उत्पीड़न, पेंशन, राशन कार्ड, सड़क-नाली सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें रखी गईं। मौके पर कई शिकायतों का निस्तारण भी कराया गया।
IG प्रयागराज ने पुलिस से जुड़ी शिकायतों की एक-एक कर समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि फरियादी की बात सम्मान से सुनें, निष्पक्ष जांच करें और 7 दिन के अंदर रिपोर्ट दें। फर्जी मुकदमे और बिना जांच गिरफ्तारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
मंडलायुक्त ने राजस्व व विकास विभाग के अधिकारियों से कहा: “सम्पूर्ण समाधान दिवस शिकायत निस्तारण का मंच है, औपचारिकता का नहीं। हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण फरियादी को संतुष्ट करे, यही लक्ष्य होना चाहिए”।
अधिकारियों ने मंच से ही कई विभागों को फोन कर समस्याएं हल कराईं। वृद्धावस्था पेंशन, आय प्रमाण पत्र और राशन कार्ड से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के आदेश दिए।
मंडलायुक्त ने लेखपालों और सचिवों को निर्देश दिए कि जमीन विवाद के मामलों में मौके पर जाकर पैमाइश करें। कागजों पर निस्तारण दिखाने वाले अफसरों पर कार्रवाई होगी।
जनसुनवाई में DM कौशांबी, SP कौशांबी, SDM मंझनपुर, तहसीलदार और सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। कुल 120 शिकायतें आईं, जिनमें से 28 का मौके पर निपटारा कर दिया गया। शेष के लिए समयसीमा तय कर दी गई।
IG ने कहा कि हर महीने सम्पूर्ण समाधान दिवस की रिपोर्ट लखनऊ भेजी जाएगी। लापरवाही करने वाले अधिकारी चिन्हित होंगे।