
कौशांबी संदेश
सिराथू। तहसील सिराथू अंतर्गत ग्राम पंचायत नारा, सैदाबाद में हालात बेहद खराब हो चुके हैं। गांव के मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव होने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। सड़क पर इतना अधिक पानी भरा है कि बाइक व अन्य दोपहिया वाहन निकालना लगभग असंभव हो गया है।जलभराव के कारण स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, वहीं कई बच्चे मजबूरी में पानी से भरी सड़क पार कर स्कूल जाने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस की आवश्यकता पड़ जाए, तो इस मार्ग से एंबुलेंस का निकलना भी बेहद मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में किसी गंभीर मरीज की जान पर खतरा मंडरा सकता है।स्थानीय लोगों ने कई बार संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए और मुख्य मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
