
जनपद कौशांबी के मूरतगंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा बालिहावा देह गांव में निर्मित सामुदायिक शौचालय ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी की घोर लापरवाही का शिकार हो गया है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बना यह शौचालय आज ग्रामीणों के उपयोग के योग्य नहीं रह गया है और बीमारी फैलने का केंद्र बनता जा रहा है।शौचालय से जुड़े दोनों गड्ढे पूरी तरह भरकर धंस चुके हैं। परिसर में चारों ओर गंदगी फैली हुई है और तेज दुर्गंध के कारण लोगों का वहां रुकना भी मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शौचालय का उपयोग करने से मजबूरन दूरी बना रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी कई बार ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि कागजों में सफाई, मरम्मत और देखरेख दर्शाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत बदहाली और गंदगी की कहानी बयां कर रही है।सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस मुद्दे को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ा। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है और स्वच्छ भारत मिशन के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सामुदायिक शौचालय की मरम्मत, नए गड्ढों का निर्माण एवं नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई और दोषी ग्राम प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो गांव में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।
