मूरतगंज ब्लॉक के बालिहावा देह गांव में सामुदायिक शौचालय बदहाली का शिकार, स्वच्छ भारत मिशन के दावे फेल

कौशांबी संदेश संवाददाता

कौशांबी मूरतगंज ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सभा बालिहावा देह गांव में निर्मित सामुदायिक शौचालय की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। शौचालय परिसर में चारों ओर गंदगी फैली हुई है, वहीं शौचालय से जुड़े दोनों गड्ढे पूरी तरह भरकर धंस चुके हैं। इस कारण ग्रामीणों के लिए शौचालय का उपयोग करना मुश्किल हो गया है।ग्रामीणों का कहना है कि शौचालय प्रतिदिन खोला तो जाता है, लेकिन साफ-सफाई, मरम्मत और नियमित देखरेख की कोई व्यवस्था नहीं है। गड्ढे भर जाने के कारण शौचालय परिसर में लगातार दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस गंभीर समस्या की जानकारी कई बार ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस मुद्दे को लेकर कई बार समाचार भी प्रकाशित हुए, इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ा, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव की घोर लापरवाही के चलते सामुदायिक शौचालय बदहाली का शिकार हो गया है और स्वच्छ भारत मिशन के दावे यहां खोखले साबित हो रहे हैं। यदि समय रहते शौचालय की मरम्मत, नए गड्ढों का निर्माण और सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो गांव में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सामुदायिक शौचालय की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें