सुपरवाइजर सुजाता चौहान की अभद्र भाषा और धमकी से मचा हड़कंप, आंगनबाड़ी व्यवस्था पर उठे सवाल

मीडिया को बुला लो, क्या उखाड़ लेगी” — सुपरवाइजर सुजाता चौहान की दबंगई का ऑडियो वायरल

कौशांबी संदेश
कौशांबी। सिराथू विकासखंड क्षेत्र के देवखरपुर ग्राम पंचायत स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री समय से केंद्र नहीं खोलतीं, जिससे छोटे बच्चों की उपस्थिति लगातार घटती जा रही है और अभिभावक बच्चों को केंद्र भेजने से कतराने लगे हैं।
निरीक्षण के दौरान केंद्र पर मात्र दो बच्चे मौजूद पाए गए। जब कार्यकत्री से पंजीकृत बच्चों की वास्तविक संख्या के बारे में पूछा गया, तो वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सकीं। उन्होंने यह कहकर बात टाल दी कि चार–पांच बच्चे पानी पीने के लिए बाहर गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र पर बच्चों को मिलने वाले पोषाहार में कटौती की जाती है और कई बार पोषाहार का वितरण पूरी तरह से नहीं होता। इस पर सवाल उठाने पर कार्यकत्री द्वारा बहस और झगड़े की स्थिति पैदा कर दी जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार, जब इन शिकायतों की जानकारी आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा अपने उच्चाधिकारी को दी गई, तो स्थिति और बिगड़ गई। आरोप है कि सुपरवाइजर सुजाता चौहान ने देवखरपुर निवासी एक व्यक्ति को फोन कर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और धमकी देते हुए कहा—“मीडिया को बुला लो, क्या उखाड़ लेगी।”
इस कथित बयान के सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बताया जा रहा है कि सुपरवाइजर की अभद्र भाषा और धमकी से जुड़ा ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने विभागीय कार्यशैली और जिम्मेदार अधिकारियों के आचरण पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सुपरवाइजर के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाए, ताकि आंगनबाड़ी व्यवस्था को पटरी पर लाया जा सके और बच्चों के अधिकारों की प्रभावी रक्षा सुनिश्चित हो।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें