लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने पर युवक गंभीर घायल, इलाज का खर्च देने से मुकरा ट्रैक्टर मालिक

कौशाम्बी। जनपद कौशाम्बी के थाना कोखराज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टेगाई जलालपुर सिराथ से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ट्रैक्टर मालिक की लापरवाही के कारण एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर मालिक ने इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कमलेश कुमार पुत्र अम्बर लाल निवासी टेगाई जलालपुर सिराथ थाना कोखराज जनपद कौशाम्बी ने बताया कि उनके भाई विरेन्द्र कुमार पुत्र अम्बर लाल को दिनांक 24 दिसंबर 2025 को गांव के ही ट्रैक्टर मालिक सूरज पंडित पुत्र ब्रिजेश पंडित ने अपने ट्रैक्टर पर ईंट लोड करने के लिए घर से बुलवाया था। ईंट लोडिंग का कार्य पूरा होने के बाद जैसे ही विरेन्द्र कुमार ट्रैक्टर पर बैठने लगे, उसी दौरान चालक ने अचानक ट्रैक्टर आगे बढ़ा दिया, जिससे वह नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन घायल को जिला अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें न्यू तेजमती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पीड़ित के अनुसार ट्रैक्टर मालिक सूरज पंडित ने उस समय आश्वासन दिया था कि इलाज में होने वाला पूरा खर्च वह स्वयं वहन करेगा और जब तक विरेन्द्र काम करने योग्य नहीं हो जाते, तब तक प्रतिदिन 500 रुपये देगा, साथ ही किसी प्रकार की शिकायत न करने की बात भी कही।

हालांकि, परिजनों का आरोप है कि इलाज शुरू होने के बाद से न तो ट्रैक्टर मालिक सूरज पंडित अस्पताल में देखने आया, न ही इलाज के लिए कोई आर्थिक सहायता दी। फोन करने पर वह कॉल रिसीव नहीं कर रहा है और घर जाने पर भी टालमटोल कर रहा है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ कार्रवाई करने और इलाज का खर्च दिलाए जाने की मांग की है। घटना से गांव में आक्रोश का माहौल है और लोग पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें