कौशांबी में बढ़ी ठंड, तापमान 8 डिग्री तक पहुंचा
घने कोहरे से विजिबिलिटी घटी, अन्ना मवेशियों को पहनाए गए काऊकोट

कौशांबी।जिले में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर 20 से 25 मीटर तक सिमट गई। धीमी गति से चल रही हवाओं के कारण पूरे दिन ठिठुरन बनी रही।
मौसम विभाग के अनुसार जिले का न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। विभाग ने पूरे दिन हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।
बढ़ती ठंड को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। कौशांबी में 30 दिसंबर से 1 जनवरी तक इंटरमीडिएट स्तर तक के सभी बोर्डों के विद्यालय बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। ठंड और कोहरे का असर जनजीवन पर भी साफ दिखाई दिया। सुबह 10 बजे तक भीड़भाड़ वाले बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा।
ठंड से बचाव के लिए गौशालाओं में संरक्षित अन्ना मवेशियों को ‘काऊकोट’ पहनाए गए हैं। ये काऊकोट जिला जेल में विशेष रूप से तैयार किए गए हैं। वहीं, कड़ाके की ठंड से राहत पाने के लिए लोग सुबह से ही जगह-जगह अलाव तापते नजर आए।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतें और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More

Marketing Hack4U