पुलिस चौकी प्रभारी भरवारी को पिपरी थाने की कमान, हुआ भव्य स्वागत

थानेदारों व चौकी प्रभारियों के तबादले से चली तबादला एक्सप्रेस

कोखराज,कौशांबी। जनपद कौशांबी में शुक्रवार देर रात पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर थानेदारों, चौकी प्रभारियों एवं उप निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। इस दौरान एक थाना प्रभारी, दो चौकी प्रभारी, लगभग आधा दर्जन उप निरीक्षक तथा आधा दर्जन सिपाहियों का तबादला किया गया।
थानाध्यक्ष पिपरी सिद्धार्थ सिंह को थाने से हटाकर क्राइम ब्रांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं भरवारी पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विकास सिंह को उनकी कार्यकुशलता से संतुष्ट होकर थाना पिपरी का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
थाना कोखराज में तैनात उप निरीक्षक जितेंद्र यादव को चौकी प्रभारी भरवारी बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त थाना सरायअकिल के उप निरीक्षक विपिन कुमार को चौकी प्रभारी अलीपुर जीता तथा थाना कड़ाधाम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह समय-समय पर कानून व्यवस्था की सख्त मॉनिटरिंग करते रहते हैं। जो अधिकारी उनके मानकों पर खरे उतरते हैं, उन्हें प्रोत्साहित किया जाता है, जबकि लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई भी की जाती है। इसी क्रम में विकास सिंह को उनकी उत्कृष्ट सेवा के चलते पिपरी थाने की कमान सौंपी गई।
भव्य विदाई एवं स्वागत समारोह
भरवारी चौकी प्रभारी से थानाध्यक्ष पिपरी बनाए जाने पर थाना कोखराज के थानाध्यक्ष चंद्रभूषण मौर्य ने गुलदस्ता भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं उप निरीक्षक जितेंद्र यादव को चौकी प्रभारी बनाए जाने पर माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कांस्टेबल हेमंत सिंह राठौड़, कांस्टेबल शिवांग मिश्रा, कांस्टेबल रितेश यादव, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह एवं हेड कांस्टेबल अतुल उपाध्याय सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने अपने प्रभारी की तरक्की पर खुशी जाहिर की, वहीं उनके स्थानांतरण पर भावुक माहौल भी देखने को मिला।
स्थानीय लोगों के बीच भी विकास सिंह के स्थानांतरण को लेकर चर्चा रही। अन्य थानों में स्थानांतरित अधिकारियों के लिए भी इसी प्रकार भव्य विदाई समारोह आयोजित किए गए।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें