
कौशाम्बी संदेश, मो0 शाहिद
कौशाम्बी। पुलिस ने चोरी और गुम हुए 81 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटा दिए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। पुलिस कप्तान राजेश कुमार ने मंगलवार को अपने कार्यालय में इन फोनों को उनके असली मालिकों को सौंपा। यह कार्रवाई सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मोबाइल चोरी, स्नैचिंग और गुमशुदगी की शिकायतों के आधार पर की गई। पुलिस टीमों ने सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की सहायता से विभिन्न कंपनियों के इन एंड्रॉइड/स्मार्टफोन को ट्रेस कर बरामद किया।
मोबाइल फोन वापस पाकर लोगों ने खुशी जाहिर की और पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस कप्तान राजेश कुमार ने बताया कि, सीईआईआर पोर्टल एक केंद्रीकृत नागरिक पोर्टल है, जो चोरी हुए, खोए हुए या छीने गए मोबाइल फोन को ट्रैक करने में मदद करता है।
आम जनता स्वयं ही अपने मोबाइल खोने या चोरी होने की सूचना ऑनलाइन सीईआईआर वेबसाइट पर दर्ज कर सकती है। इसी प्रकार, थानों में प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों को भी इस पोर्टल पर दर्ज कर ट्रैक किया जाता है। इससे पूरे भारत में कहीं भी मौजूद मोबाइल फोन को बरामद कर उसके मालिक को सौंपा जा सकता है। इस अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थानों में कड़ाधाम (16 मोबाइल), सराय अकिल (15 मोबाइल) और सैनी (9 मोबाइल) प्रमुख रहे। पुलिस कप्तान राजेश कुमार ने इन थानों के संबंधित पुलिसकर्मियों को उत्साहवर्धन के लिए 5000-5000 रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। बरामदगी में मंझनपुर, करारी, पश्चिम शरीरा, महेवाघाट, मो.पुर पइन्सा, कौशाम्बी, कोखराज, चरवा, पिपरी और संदीपनघाट थानों की टीमों का भी योगदान रहा।
यह बरामदगी समस्त थानों पर सीईआईआर पोर्टल में नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटरों और सीसीटीएनएस पुलिस टीम के संयुक्त प्रयासों से संभव हुई।
