
पिछले दस वर्षों से छत्तीसगढ़ में समाज सेवा की अलख जगा रहीं गीता सोनी
सुनील चिंचोलकर
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। समाज सेवा और मजदूरों के अधिकारों की सशक्त आवाज़ रही भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ की अखिल भारतीय मंत्री, छत्तीसगढ़- मध्यप्रदेश-तेलंगाना प्रभारी एवं भारतीय मजदूर संघ जिला जांजगीर की कार्यकारी अध्यक्ष गीता सोनी को प्रतिष्ठित “बिलासा सेवा रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान बिलासपुर के बैकुंठ रेसीडेंसी की ओर से चिचिरदा में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा, श्रमिक कल्याण और संगठन निर्माण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की गई।
गीता सोनी, जो राष्ट्रीय सेविका समिति से प्रबोध प्रशिक्षित हैं, पिछले दस वर्षों से लगातार समाज सेवा और मजदूर कल्याण के कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न राज्यों के मजदूर संगठनों को एक सूत्र में पिरोने में अहम भूमिका निभाई है। मजदूरों के हक़ की आवाज़ बुलंद करते हुए उन्होंने कई बार शासन-प्रशासन तक उनकी समस्याओं को पहुँचाया और समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया है।
उनकी निष्ठा, संगठन क्षमता और जनहित के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में शहर के कई गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और मजदूर संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
गीता सोनी ने सम्मान ग्रहण करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए नहीं, बल्कि हर उस मजदूर बहन-भाई के लिए है जो पसीने से समाज की नींव मजबूत करता है। गीता सोनी की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर राज्य कर्मचारी संघ के अनुभव तिवारी, भारतीय मजदूर संघ जांजगीर चांपा के अध्यक्ष प्रमोद कुर्रे, जिला मंत्री संजय चौहान व कोषाध्यक्ष रमेश साहू ने शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।
