
एक लाख पांच हजार नकद, एक लाख का चेक, तमंचा-कारतूस व बाइक बरामद
कौशाम्बी संदेश मो0 शाहिद
कौशाम्बी। थाना संदीपनघाट पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ी सफ़लता हासिल की है। थाना संदीपनघाट अंतर्गत बीज भण्डार व्यापारी से हुई लूट की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस टीम ने घटना में शामिल 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कब्जे से लूट का एक लाख पांच हज़ार रुपये नगद, एक लाख का चेक व तमंचा-कारतूस तथा एक बाइक बरामद किया है। वही घटना में शामिल एक अन्य अभियुक्त फरार चल रहे हैं, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा तलाशी की जा रही है। घटना का सफल अनावरण कर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रूपये के इनाम एवं प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत किया गया। इस मामले में शनिवार को पुलिस कार्यालय स्थित दुर्गा भाभी सभागार में पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को सायंकाल बीज व्यवसायी रामदेव मौर्या निवासी ग्राम आलमचन्द के साथ मोटरसाइकिल सवार बदमाशों द्वारा लूट की घटना कारित की गयी थी, जिसके सम्बन्ध में रामदेव मौर्य द्वारा थाना संदीपनघाट में सूचना दी गयी कि वह कस्बा मूरतगंज स्थित अपनी बीज भण्डार की दुकान बन्द करके वापस लौट रहे थे तो रास्ते में ग्राम आलमचन्द से करीब 500 मीटर पहले 02 मोटरसाइकिल सवार 04 बदमाशों द्वारा तमंचा लगाकर उनका बैग छीन लिया गया जिसमें लगभग 02 लाख रूपये व कागजात रखे थे । लूट की इस घटना के सम्बन्ध में आवेदक की तहरीर के आधार पर थाना संदीपनघाट पर मुक़दमा दर्ज किया गया था। घटना का संज्ञान लेते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए टीमों का गठन कर वैज्ञानिक विधियों का प्रयोग कर घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी/बरामदगी हेतु दिशा निर्देश दिए गए, जिसके अनुक्रम में थाना संदीपनघाट एवं एसओजी टीम द्वारा अपराधियों की तलाश हेतु “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत विभिन्न स्थानो पर अधिष्ठापित सीसीटीवी कैमरों में से मूरतगंज, इमामगंज, हर्रायपुर, महगांव, सकाढ़ा स्थित पेट्रोल पंप, सहज जन सेवा केंद्रों, कपड़े की दुकानों, प्रमुख चौराहों एवं जनपद प्रयागराज व प्रतापगढ़ सीमा के अन्तर्गत लगे लगभग 52 कैमरों का बारीकी से अवलोकन किये जाने पर अपराधियों की शिनाख्त और उनके द्वारा लूट में प्रयुक्त बाइक के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। कैमरों की मदद से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर शनिवार को प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार करवरिया मय हमराही पुलिस बल व एसओजी टीम द्वारा घटना का सफल अनावरण करते हुए घटना कारित करने वाले 02 अभियुक्तों 1. मो0 गुफरान पुत्र मो0 साहिद निवासी चफरी थाना नवाबगंज प्रयागराज 2. सलमान पुत्र मासूक अहमद निवासी मितवापुर थाना संदीपनघाट कौशाम्बी को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर किया गया। अभियुक्त गुफरान के कब्जे से लूट का 80,140/- रूपये 01 चेक एक लाख रूपये का ( वादी के फर्म के नाम का ), 01 तमंचा 03 जिन्दा कारतूस तथा 01 बाइक बिना नम्बर प्लेट के बरामद किया गया। तथा अभियुक्त सलमान के कब्जे से लूट का 24860 /- रूपये बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों द्वारा जुर्म स्वीकार करते हुए बताया गया कि हमलोग कई दिन से व्यापारी के आने जाने पर नजर रखे हुए थे और 19 नवंबर को सही मौका व जगह देखकर लूट किये थे। अभियुक्तगण द्वारा यह भी बताया गया कि हमारे साथ लूट की घटना में अलीशान पुत्र कल्लू व शहबाज पुत्र मो0 वैश नि0गण गनसरी थाना संदीपनघाट भी शामिल थे। उपरोक्त गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि कर विधिक कार्यवाही के पश्चात अभियुक्तों को मा0 न्यायालय के समक्ष प्रेषित किया जा रहा है। इनकी गतिविधियों के सम्बन्ध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि अभियुकगण शातिर किस्म के अपराधी है जो अपने साथियों के साथ गिरोह बनाकर इस प्रकार की आपराधिक घटनायें कारित करते रहते हैं। गिरफ्तार अभियुक्त सलमान के विरूद्ध इस अभियोग सहित कुल 09 अभियोग पंजीकृत होने की बात प्रकाश में आयी है, जिनमें सें थाना धाता जनपद फतेहपुर में वांछित चल रहा है ।
