
कौशाम्बी/ प्रयागराज के सरस्वती संगीतालय द्वारा आयोजित 30वें अखिल भारतीय प्रयागोत्सव, संगीत प्रतियोगिता एवं संगीत सम्मेलन में कौशांबी प्रेसीडेंसी स्कूल एवं कॉलेज भरवारी के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। चार होनहार छात्रों ने इस प्रतिष्ठित मंच पर विभिन्न श्रेणियों में अव्वल स्थान प्राप्त करते हुए स्कूल और जिले का नाम रोशन किया। इन छात्रों ने विभिन्न श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और कई पुरस्कार जीता। इनमें संचित केशरवानी कक्षा 3 ने भजन गायन में प्रथम स्थान एवं कैशियो फिल्मी श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त किया।मृदुल कृष्ण कक्षा 8 ने कैशियो फिल्मी श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।निखिल कुमार कक्षा 10 ने फिल्मी गीत श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।सारांश चौरसिया कक्षा 5 ने फिल्मी गीत में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इनके प्रशिक्षक दिव्यांशु सोनी ने छात्रों को बेहतरीन तरीके से प्रशिक्षित किया ।इन सभी छात्रों की इस सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ उनके प्रशिक्षक दिव्यांशु सोनी को भी जाता है, जिन्होंने छात्रों को संगीत के विभिन्न आयामों में कुशलता से प्रशिक्षित किया और उनकी प्रतिभा को निखारा।
संस्थान के चेयरमैन संजय कुमार गुप्ता ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा, “यह हमारे स्कूल के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण है। छात्रों ने यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।”
स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती सीमा पवार ने कहा हमारे छात्रों ने अपनी मेहनत से यह उपलब्धि हासिल की है, और यह पूरी केपीएस टीम के लिए प्रेरणा का स्रोत है। भविष्य में हम ऐसे और भी मंच प्रदान करेंगे, जहां हमारे बच्चे अपनी प्रतिभा को और निखार सकें।स्कूल प्रबंधन ने यह घोषणा की कि छात्रों को और अधिक अवसर प्रदान करने के लिए विशेष संगीत कार्यशालाओं और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
केपीएस भरवारी के छात्रों की इस उल्लेखनीय सफलता ने न केवल स्कूल का नाम रोशन किया है, बल्कि यह दिखाया है कि संगीत और कला के क्षेत्र में भी जिले के छात्र अग्रणी हो सकते हैं। उनकी यह उपलब्धि अन्य छात्रों को भी प्रेरित करेगी।
