हैंडपंप मरम्मत पर विवाद:प्रधान पक्ष ने दो लोगों को पीटा, नाराज परिजनों ने थाने का किया घेराव, गांव में पुलिस तैनात
कौशाम्बी
कौशांबी के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के हर्रायपुर गांव में रविवार शाम एक हैंडपंप मरम्मत को लेकर हुआ विवाद एक परिवार को भारी पड़ गया। प्रधान रामचंद्र यादव पक्ष के दबंगों ने परिवार के दो सदस्यों को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया।

शिकायत के बावजूद पुलिस के समय पर न पहुंचने के कारण पीड़ित पक्ष ने थाना संदीपन घाट का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। थाना पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।
गांव निवासी हितांशु यादव के घर के सामने स्थित एक सरकारी हैंडपंप लंबे समय से खराब था। हितांशु ने शनिवार शाम को इसे ठीक करने का प्रयास किया। इस दौरान ग्राम प्रधान और उनके समर्थकों ने इसकी विरोध जताया। शुरू में गाली-गलौज के बाद मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ समय बाद प्रधान पक्ष के लोगों ने हितांशु और उनके भाई अनूप को घर पर हमला कर पीट दिया। इस मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।हैंडपंप मरम्मत को लेकर प्रधान पक्ष ने किया विवाद
मारपीट की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस के मौके पर न पहुंचने से नाराज पीड़ित परिवार ने घायल को लेकर थाने का घेराव किया। हंगामे के बाद थाना पुलिस ने घायलों को मूरतगंज सीएचसी में भर्ती कराया। हितांशु यादव ने बताया कि हैंडपंप मरम्मत को लेकर प्रधान पक्ष ने विवाद उत्पन्न किया और गाली-गलौज के बाद मारपीट की।दोनों पक्षों से तहरीर लेकर मामले की जांच की जा रही
एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने पुष्टि करते हुए कहा कि हर्रायपुर गांव में विवाद की सूचना मिली है। दोनों पक्षों से तहरीर लेकर मामले की जांच की जा रही है और घायलों को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया है। उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया और थाना पुलिस को उचित निर्देश दिए हैं।
