आस्था और आदित्य बने विद्या मंदिर के प्रधानमंत्री
समय और संयम से प्राप्त करें लक्ष्य-रमेश सिंह यादव
फ़ोटो-प्रधानमंत्री आस्था और आदित्य को शपथ दिलाते मुख्य अथिति रमेश सिंह यादव
अजीत सिंह
कौशाम्बी संदेश
ओबरा-स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्र संसद एवं कन्या भारती का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना से हुई।
शपथ ग्रहण समारोह में छात्र संसद एवं कन्या भारती के पदाधिकारियों एवं सांसदों को कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन की शपथ दिलाई गयी। मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रीय एथलीट रमेश सिंह यादव ने छात्र संसद के प्रधानमंत्री आदित्य सिंह एवं कन्या भारती की प्रधानमंत्री आस्था को शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही राजकीय कन्या इंटर कालेज की प्रधानाचार्य डॉ भावना शुक्ला ने मंत्रियों को तथा विशिष्ट अतिथि छात्र नेता अखिलेश जिज्ञासु ने सदस्यों एवं उप मंत्रियों को शपथ दिलायी।इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य वंशधारी ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि रमेश सिंह यादव ने छात्रों को समय और संयम से अपने जीवन को व्यवस्थित कर लक्ष्य प्राप्त करने के लिए उत्साहित किया।उन्होंने मंत्रिमंडल से संसदीय मर्यादा का पालन करते हुए व्यक्तिगत दायित्वों के साथ विद्यालय हित में कार्य करने की प्रेरणा दी।कहा कि बचपन से ही लोकतंत्र के प्रति आस्था और जिम्मेदारियों का अहसास कराने के लिए छात्र संसद का गठन सकारात्मक प्रयास है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही डॉ भावना शुक्ला ने छात्र संसद के पदाधिकारियों को दायित्वों का बोध कराते हुए कहा कि जिस प्रकार से विधायक और सांसद चुनकर राज्य और देश की विकास व सुरक्षा की व्यवस्था का दायित्व सँभालते है ठीक उसी प्रकार ये भैया बहिन भी विद्यालय की तरक्की एवं व्यवस्था को संचालित करने में सहयोगी बनेगे।अंत में विज्ञान प्रमुख आचार्य हरिश्चंद्र गुप्त ने उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य योगेन्द्र त्रिपाठी ने किया।इस अवसर पर संतोष आचार्य,प्रेमचंद,जितेश्वर मुखर्जी, मनोज,बहादुर,अंजलि एवं सरोज आदि शिक्षक गण एवं छात्र मौजूद रहे।
