हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने ग्रहण किया पदभार

अंकित सिंह यादव कौशाम्बी सन्देश

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने सोमवार को पदभार ग्रहण कर लिया। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने मुख्य न्यायाधीश के कक्ष में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। हाल के वर्षों में यह पहली बार है, जब दोपहर बाद चीफ जस्टिस ने शपथ ली। सामान्यतः पहली पाली में ही शपथ ग्रहण समारोह होते रहे हैं।

दूसरी पाली में रखे गए समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्तागण भी पहुंचे। खचाखच भरे मुख्य न्यायाधीश के कक्ष में हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल राजीव भारती ने मुख्य न्यायाधीश के न्यायिक योगदान की जानकारी दी।

मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली का जन्म 15 अक्तूबर 1967 को हुआ था। जोधपुर निवासी न्यायाधीश ने आठ जुलाई 1989 को वकालत शुरू की थी। उन्हें आठ जनवरी 2013 को राजस्थान हाईकोर्ट का जज बनाया गया था। वह टैक्स, कॉरपोरेट, सिविल और सांविधानिक मामलों के अच्छे जानकार हैं। उन्होंने 11 वर्ष के न्यायिक कार्यकाल में 1230 ऐसे निर्णय दिए हैं, जो नजीर के रूप में दर्ज हैं।

मुख्य न्यायाधीश प्रीतिंकर दिवाकर के 21 नवंबर-23 को सेवानिवृत्त होने के बाद न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया था। सुप्रीम कोर्ट के कोलेजियम ने 27 दिसंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति अरुण भंसाली के नाम की सिफारिश की थी। दो फरवरी को इसकी अधिसूचना जारी की गई थी।

शपथ ग्रहण समारोह में वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता, न्यायमूर्ति एमसी त्रिपाठी, न्यायमूर्ति अंजनी कुमार मिश्रा, न्यायमूर्ति वीके बिरला, न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा समेत सभी न्यायमूर्तिगण, प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक सिंह व महासचिव नितिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्ता और अधिकारी मौजूद रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें