
अंकित सिंह यादव, कौशाम्बी सन्देश
प्रयागराज। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के एडवोकेट व्हीकल्स आईडेंटीफिकेशन स्टीकर का शुक्रवार को विमोचन हुआ। लाइब्रेरी हाल में हाईकोर्ट बार के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए विमोचन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव ने कहा कि हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से एडवोकेट व्हीकल्स आईडेंटीफिकेशन स्टीकर जारी करने का निर्णय अत्यंत सराहनीय है। यह उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं के लिए बहुत उपयोगी होगा।
विशिष्ट अतिथि न्यायमूर्ति डॉ गौतम चौधरी ने कहा कि इससे उच्च न्यायालय अंकित कराकर दुरुपयोग करने वालों पर लगाम लगेगी। इससे हाईकोर्ट जैसे संस्थान की छवि धूमिल होती थी। विशिष्ट अतिथि न्यायमूर्ति अरुण कुमार सिंह देशवाल ने कहा कि इससे उच्च न्यायालय में नियमित रूप से विधि व्यवसाय करने वाले अधिवक्ताओं को सहूलियत होगी। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन इलाहाबाद से प्रमाणित एडवोकेट व्हीकल्स आईडेंटीफिकेशन स्टीकर जारी करने के लिए कठोर नियमावली बनाई गई है। स्टीकर जारी होने के बाद प्रत्येक माह जारी किए गए स्टीकरों का सम्पूर्ण विवरण सूची सहित जिला पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम का संचालन महासचिव नितिन शर्मा ने किया। शासकीय अधिवक्ता आशुतोष कुमार संड भी उपस्थित रहे।
