
कौशांबी संदेश आर्य शुक्ला
कौशाम्बी। कड़ा ब्लॉक के गिरधरपुर स्थित गढ़ी गौशाला में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। गौशाला परिसर में एक मरी हुई गाय पड़ी रही, जिसे कौए नोच-नोच कर खाते नजर आए। इस दृश्य से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और गौ-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि गौशाला में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है और चारों ओर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। आरोप है कि समय रहते मृत पशु का निस्तारण नहीं किया गया, जिससे न सिर्फ संवेदनाएं आहत हुईं बल्कि संक्रमण फैलने का भी खतरा उत्पन्न हो गया।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि इस तरह के मामलों में सेक्रेटरी और बीडीओ की मिलीभगत से केवल खानापूर्ति कर दी जाती है। शिकायतों के बाद जांच की बात तो कही जाती है, लेकिन ठोस कार्रवाई शायद ही कभी होती है।
इस संबंध में जब जिम्मेदार अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी ऐसे ही आश्वासन दिए गए हैं, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गौशालाओं की स्थिति में सुधार हो सके।

