छात्राओं ने सीखा थाना संचालन का तरीका, 12वीं की तान्या बनी प्रतीकात्मक थाना अध्यक्ष

कौशांबी। आज दिनांक 29 सितंबर 2025 को धर्मा देवी इंटर कॉलेज केन कनवार की कक्षा 11वीं और 12वीं की छात्राएँ मिशन शक्ति फेज़-5 के अंतर्गत थाना सैनी पहुँचीं। इस दौरान छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, थाने में होने वाले विभिन्न कार्यों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
थाना परिसर में पहुँची छात्राओं को मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क और थाना कार्यालय में होने वाले कार्यों से अवगत कराया गया। भ्रमण के दौरान कक्षा 12वीं की छात्रा तान्या सिंह को प्रतीकात्मक रूप से थाना अध्यक्ष बनाया गया, जहाँ उन्होंने जनसुनवाई सहित विभिन्न कार्यों का अनुभव प्राप्त किया।
छात्राओं ने थाना स्तर पर रखे जाने वाले विभिन्न अभिलेखों का भी अवलोकन किया। साथ ही उन्हें IGRS प्रणाली और शिकायतों के निस्तारण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन, सीएम हेल्पलाइन, आपातकालीन पुलिस हेल्पलाइन और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया।
अंत में मिशन शक्ति के पंपलेट वितरित किए गए और सभी छात्राओं को जलपान करवाने के बाद अध्यापकों संग विद्यालय के लिए रवाना किया गया।

Leave a Comment

Read More

Marketing Hack4U