
कौशांबी संदेश फैशल अंसारी
कौशांबी। मंझनपुर थाना क्षेत्र के नारा गांव स्थित ईदगाह में मंगलवार 21 मार्च को ईद-उल-फितर का पर्व पूरे हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस मौके पर हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्रित हुए और ईदगाह में सामूहिक रूप से नमाज अदा की।ईदगाह के पेश इमाम चाँद मियां ने नमाज अदा कराई और अपने बयान में लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारे और इंसानियत के रास्ते पर चलने का संदेश दिया। नमाज के बाद सभी नमाजियों ने हाथ उठाकर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए खास दुआ मांगी।ईद के इस पावन अवसर पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। नमाज के बाद लोग एक-दूसरे से गले मिलकर “ईद मुबारक” कहते नजर आए। इसके बाद लोग अपने-अपने घरों में जाकर रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ सिवइयों और अन्य पकवानों का आनंद लेते रहे।वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। नारा चौकी पुलिस और मंझनपुर थाना पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, जिससे नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। इस दौरान नारा चौकी प्रभारी (दरोगा) विकास मिश्रा, दीवान राधे-राधे, सिपाही राहुल, संदीप, गोविंद एवं रजनीश सहित समस्त पुलिस टीम मौजूद रही और पूरे कार्यक्रम के दौरान निगरानी बनाए रखी।पुलिस अधिकारियों ने लोगों से मुलाकात कर ईद की शुभकामनाएं दीं और आगामी त्योहारों को भी आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की। इस तरह नारा गांव में ईद का पर्व पूरी खुशी, उल्लास और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ।

