
कौशाम्बी संदेश संवाददाता
कौशांबी। जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र के शीतलपुर अन्दांवा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब शॉर्ट सर्किट की वजह से एक घर के बाहरी हिस्से में भीषण आग लग गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामनरेश पाल के घर के बाहर स्थित रसोई क्षेत्र में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे गृहस्थी का सामान और भारी मात्रा में पशुओं का चारा (पहरा) जलकर राख हो गया।घटना के दौरान बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों की तत्परता और दमकल विभाग की मुस्तैदी से आग को समय रहते काबू में कर लिया गया, जिससे बगल में खड़े गेहूं के तैयार खेतों तक आग फैलने से बच गई। साथ ही मुख्य रिहायशी मकान भी सुरक्षित रहा।
सूचना मिलते ही शाहजहांपुर चौकी पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ी अनहोनी टल गई।

