
कौशाम्बी संदेश संवाददाता
कौशाम्बी जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र अंतर्गत राला ग्रामसभा के मजरा तकीपुर गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मामूली बात को लेकर मां द्वारा डांट दिए जाने से आहत एक नाबालिग किशोरी ने पास के कुएं में छलांग लगा दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजन घबरा गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद किशोरी को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के पीछे घरेलू विवाद की छोटी सी बात बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ कर रही है। समय रहते बचाव होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।

