
कौशांबी संदेश — संवाददाता
कौशाम्बी जिले के पुरखास गांव में शुक्रवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तेज रफ्तार से आ रहा एक ओवरलोड बालू से भरा डंपर अनियंत्रित होकर सीधे एक घर में जा घुसा। हादसे के दौरान घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।जानकारी के अनुसार, डंपर की रफ्तार काफी तेज थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डंपर प्रकाश पुत्र पोंचु के घर में घुस गया। टक्कर इतनी तेज थी कि घर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय घर के अंदर मौजूद बच्चों और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इस घटना में कुछ बच्चों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया।घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा डंपर चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की बात कही जा रही है।


