
कौशाम्बी: जिले के सरायअकील थाना क्षेत्र के इमली गांव में बुधवार सुबह करीब 6 बजे एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय महिला की हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान किरण कोरी पत्नी कुलदीप, निवासी इमली गांव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार किरण सुबह घर से पैदल खेत की ओर जा रही थीं। खेत की मेड़ पर पहले से टूटकर गिरे हाईटेंशन विद्युत तार पर उनका ध्यान नहीं गया और वह सीधे हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए कटरा स्थित म्योहर पावर हाउस में कई बार फोन किया, लेकिन किसी का फोन रिसीव नहीं हुआ। इस दौरान मृतका का पैर काफी देर तक करंट की चपेट में जलता रहा, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।सूचना मिलने पर भगवानपुर चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। मृतका के पति कुलदीप खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी पढ़ाई की जिम्मेदारी अब परिवार पर आ गई है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाईटेंशन विद्युत तार लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ा था। इसकी मरम्मत को लेकर कई बार विद्युत विभाग से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जांच के लिए आने वाले अवर अभियंता (जेई) भी हर बार आश्वासन देकर मामले को टालते रहे।ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

