
कौशांबी: थाना चरवा क्षेत्र अंतर्गत बेरुआ चौराहा पर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी जा रही है। मंदिर के ठीक बगल में गोमती नदी के किनारे साधु के भेष में एक गांजा माफिया खुलेआम गांजा बेच रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस पर मौन साधे हुए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त व्यक्ति लंबे समय से साधु का चोला पहनकर इलाके में घूम रहा है और धार्मिक आस्था की आड़ में नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री कर रहा है। मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही के बावजूद गांजे का यह अवैध कारोबार बेखौफ जारी है।सूत्रों का कहना है कि गांजा बिक्री की जानकारी स्थानीय पुलिस और जिम्मेदार अधिकारियों को पहले से है, फिर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि इस खुलेआम नशे के कारोबार से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और युवा वर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है। मंदिर जैसे पवित्र स्थल के पास नशीले पदार्थों की बिक्री से धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मामले की जांच कर गांजा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रह सके और युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके।अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले पर कब तक मौन तोड़ते हैं और कार्रवाई होती है या नहीं।

