
उपजिलाधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र देने के बावजूद भी नहीं हुई कोई कार्यवाही
कौशाम्बी जिले के तहसील चायल क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रेही निवासी राम भवन पुत्र अभिमन्यु (कॉम पासी) ने गांव में स्थित तालाबी आराजी पर अवैध कब्जे का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार मौजा रेही स्थित तालाबी आराजी संख्या 115 मि०, रकबा 0.228 हेक्टेयर, का मत्स्य पालन पट्टा विधिवत रूप से उसे प्रदान किया गया है, जिस पर वह लंबे समय से वैज्ञानिक पद्धति से मत्स्य पालन करता चला आ रहा है।पीड़ित का आरोप है कि गांव के ही पूर्व प्रधान पति जितेन्द्र कुमार, उसका भाई देवेन्द्र कुमार व महेन्द्र कुमार (पुत्रगण शारदा प्रसाद) तथा राम भवन व शारदा प्रसाद पुत्र दस्सू, जबरन गुंडई के बल पर तालाब में मिट्टी डलवाकर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। मना करने पर उक्त लोग लड़ाई-झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं, जिससे पीड़ित व उसके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।राम भवन ने यह भी आरोप लगाया कि लेखपाल की मिलीभगत से तालाब में मिट्टी डलवाकर अवैध कब्जा कराया जा रहा है। इतना ही नहीं, मौजा रेही की आराजी संख्या 231 व 328, जो कि नवीन परती भूमि दर्ज है, उस पर भी लेखपाल की संलिप्तता से शारदा प्रसाद पुत्र दस्सू द्वारा अवैध रूप से कृषि कार्य कराया जा रहा है।पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि तालाबी आराजी संख्या 115 पर मिट्टी डलवाकर किए जा रहे अवैध कब्जे को तत्काल रोका जाए तथा आराजी संख्या 231 व 328 को कब्जा मुक्त कराते हुए दोषियों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जाए। पीड़ित का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।

