
कौशांबी संदेश राहुल यादव
सेंट्रल इक्वीपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल की मदद से चोरी, स्नेचिंग और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में कौशाम्बी पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस बड़ी कामयाबी से पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को नकद इनाम और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस मुख्यालय से जारी अक्तूबर माह के आंकड़ों के अनुसार कौशाम्बी जनपद में कुल 54 मोबाइल फोन चोरी, स्नेचिंग या गुम होने की शिकायतें दर्ज की गई थीं। मोबाइल धारकों द्वारा खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने संबंधित थानों में सूचना दी। इसके बाद थानों पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों और सीसीटीएनएस टीम ने सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के जरिए कार्रवाई शुरू की।
सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से तकनीक का बेहतर इस्तेमाल करते हुए पुलिस ने 54 में से 40 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रैक कर बरामद कर लिए। शेष 14 मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। इसी प्रभावी कार्यप्रणाली के चलते कौशाम्बी पुलिस को प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ।
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि इस सफलता में कंप्यूटर ऑपरेटर आदर्श पांडेय, चंदन मौर्य, अविनाशी मौर्य और महिला आरक्षी शिवानी चौधरी की अहम भूमिका रही। चारों पुलिसकर्मियों को 15-15 हजार रुपये का नकद इनाम और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

