
कौशांबी संदेश
कौशांबी। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर कोखराज थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रभु श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली रहे पौराणिक केंद्र संदीपन घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बृहस्पतिवार को हजारों स्नानार्थियों ने गंगा नदी के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाई और मकर संक्रांति के अवसर पर गरीब व जरूरतमंद लोगों को खिचड़ी का दान किया।
मकर संक्रांति के पर्व पर जिले के गंगा-यमुना के विभिन्न घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने स्नान-दान किया। वहीं कई स्थानों पर खिचड़ी भोज का आयोजन भी किया गया। संदीपन घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।घाट की व्यवस्थाओं में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद आमिर प्रशासन के सहयोग में सक्रिय रूप से जुटे रहे। वहीं कोखराज पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। कोखराज थाना के सेकेंड प्रभारी संतोष यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे दिन मौके पर रहकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली।
इस दौरान पुलिसकर्मी देवेंद्र प्रताप, आशीष तिवारी, ज्योत्सना यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी संदीपन घाट एवं नदी किनारे मौजूद रहे, जिससे स्नान पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सका।

