
कौशाम्बी कोखराज थाना क्षेत्र के अंतर्गत तरसौरा ग्राम प्रधान बलराम सिंह से जुड़े एक सड़क दुर्घटना मामले में पुलिस कार्यवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुरुवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने टेढ़ी मोड़ पुलिस चौकी का घेराव कर चौकी पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्यवाही का आरोप लगाया।
मिली जानकारी के अनुसार तरसौरा ग्राम प्रधान बलराम सिंह की मोटरसाइकिल में एक चार पहिया वाहन द्वारा टक्कर मारे जाने की घटना हुई थी। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद मामला टेढ़ी मोड़ पुलिस चौकी तक पहुंचा, जहां कथित रूप से चार पहिया वाहन सवारों द्वारा ग्राम प्रधान के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान चौकी पुलिस ने हस्तक्षेप कर पीड़ित को बचाने के बजाय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना करने वाले वाहन चालकों एवं चौकी परिसर में कथित मारपीट करने वालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जबकि पीड़ित ग्राम प्रधान सहित 11 नामजद और 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। साथ ही ग्राम प्रधान का शांति भंग की धारा में चालान भी कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों में रोष फैल गया।
इस पुलिसिया कार्यवाही से नाराज ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित पक्ष के विरुद्ध कार्रवाई कर एकतरफा ढंग से दूसरे पक्ष को लाभ पहुंचाया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच उच्च अधिकारियों द्वारा कराई जाए, तो चौकी पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े हो सकते हैं।
वहीं इस संबंध में चौकी इंचार्ज का कहना है कि पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की गई है और मामले की जांच कानून के दायरे में की जा रही है।
फिलहाल, ग्रामीणों के विरोध-प्रदर्शन के बाद मामला चर्चा में बना हुआ है और लोगों की मांग है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन का पुलिस प्रशासन पर विश्वास बना रह सके।

