
कौशांबी :जनपद कौशांबी के थाना कोखराज क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 31 दिसंबर 2025 को समय लगभग 12:30 बजे कोखराज पेट्रोल पंप के पास नेशनल हाईवे पर मोटरसाइकिल संख्या UP 73 V 1373 पर सवार तीन व्यक्तियों को पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में घायल युवकों की पहचान धीरज पुत्र गुलाब चंद, सन्तकुमार पुत्र लालता प्रसाद एवं रंजीत पुत्र रमेश के रूप में हुई है। तीनों युवक ग्राम नथई का पुरवा, थाना कोखराज, जनपद कौशांबी के निवासी बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार हेतु नजदीकी पीएचसी मूरतगंज भिजवाया, साथ ही उनके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर यातायात पूरी तरह सुचारू रूप से चल रहा है तथा लॉ एंड ऑर्डर की कोई समस्या नहीं है। मामले की जानकारी प्रभारी निरीक्षक कोखराज द्वारा दी गई।

