वैष्णव किन्नर अखाड़े ने मुस्कान मौसी को दिया महामंडलेश्वर का पद

प्रयागराज महाकुंभ में हुआ भव्य पटाभिषेक, साध्वी मुस्कान सखी बना आध्यात्मिक नाम*


प्रयागराज/ धर्म और आस्था के महापर्व महाकुंभ में शुक्रवार को वैष्णव किन्नर अखाड़े द्वारा एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। कौशांबी किन्नर समाज की महंत मुस्कान जी को महामंडलेश्वर की पदवी प्रदान की गई। अखाड़े की प्रमुख जगतगुरु किन्नर हिमांगी सखी ने विधि-विधान से उनका पटाभिषेक कर उन्हें आध्यात्मिक नाम “श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर साध्वी मुस्कान सखी” प्रदान किया। इस पावन अवसर पर संत समाज, अखाड़े के पदाधिकारी, श्रद्धालु और किन्नर समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार और भव्य अनुष्ठानों के साथ हुए इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने साध्वी मुस्कान सखी को शुभकामनाएं दीं किन्नर अखाड़े का यह निर्णय समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाने और किन्नर समाज को धर्म की मुख्य धारा से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। साध्वी मुस्कान सखी ने महामंडलेश्वर का पद संभालते ही समाज सेवा और धर्म प्रचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। पिछले कुछ वर्षों में किन्नर अखाड़ों ने धर्म और समाज में अपनी सशक्त पहचान बनाई है। वैष्णव किन्नर अखाड़ा सनातन परंपरा का पालन करते हुए आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है। महामंडलेश्वर साध्वी मुस्कान सखी के नेतृत्व में किन्नर अखाड़े की गतिविधियां और अधिक प्रभावशाली होने की उम्मीद है। उनके आचार्यत्व में समाज कल्याण और धर्म प्रचार के कई नए आयाम खुल सकते हैं। प्रयागराज महाकुंभ सदा से ही आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम का केंद्र रहा है। इस महाकुंभ में वैष्णव किन्नर अखाड़े की यह पहल एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश देती है कि धर्म, आस्था और नेतृत्व किसी जाति, वर्ग या लिंग की सीमाओं में नहीं बंधे होते। महामंडलेश्वर पदवी मिलने के बाद साध्वी मुस्कान सखी ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे धर्म, भक्ति और समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए सनातन संस्कृति को मजबूत करेंगी।
 

Kaushambi Sandesh
Author: Kaushambi Sandesh

Contact number 7394947972

Leave a Comment

Read More

Marketing Hack4U